Home Haryana पटौदी की वूलन मार्केट में भीषण आग, 25 दुकानें जलकर राख

पटौदी की वूलन मार्केट में भीषण आग, 25 दुकानें जलकर राख

7
0

पटौदी (गुरुग्राम)। पटौदी के रामलीला मैदान में रविवार तड़के वूलन मार्केट में भीषण आग लगने से करीब 25 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरी मार्केट को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पटौदी और मानेसर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मार्केट में लगी दुकानों में बड़ी मात्रा में गर्म कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई।

रामलीला मैदान के पूर्वी हिस्से में हर साल नवंबर से फरवरी तक वूलन मार्केट लगाई जाती है। इस बार हिमालय ट्राइबल ट्रेड एसोसिएशन के तत्वावधान में 4 नवंबर से बाजार शुरू हुआ था। यहां हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए व्यापारियों ने अपनी दुकानें लगाई हुई थीं। दुकानदारों के मुताबिक, प्रत्येक दुकान में लाखों रुपये के गर्म कपड़ों का स्टॉक मौजूद था। सर्दियों का मौसम पूरी तरह शुरू नहीं होने के कारण अभी बिक्री भी कम हुई थी और अधिकांश सामान दुकानों में ही रखा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार सुबह करीब चार बजे एक महिला ने आवाज सुनकर बाहर देखा तो मार्केट में आग लगी हुई थी। उसने आसपास के लोगों को जगाया और घटना की जानकारी दी, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। दुकानदारों का कहना है कि मैदान में बिजली की कोई तार नहीं जा रही थी और न ही वहां गैस चूल्हा या आग जलाने का कोई अन्य सामान रखा गया था। ऐसे में आग लगने के कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

आग में दुकानदारों की जमा पूंजी और बड़ी मात्रा में सामान नष्ट हो गया। दूर-दराज के राज्यों से रोजगार और कारोबार के लिए आए व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कुछ दुकानदारों ने आग लगाए जाने की आशंका भी जताई है। हालांकि, आग लगने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here