नारनौल। हिसार से जयपुर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री को बस परिचालक के पास अवैध हथियार होने का संदेह हुआ। यात्री ने तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नारनौल पुलिस सक्रिय हो गई और बस को रुकवाकर तलाशी ली। इस दौरान परिचालक के बैग से अवैध कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रात करीब आठ बजे पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हिसार से जयपुर जा रही रोडवेज बस में एक व्यक्ति के पास अवैध हथियार मौजूद है। सूचना मिलते ही नारनौल पुलिस की गाड़ियों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने सिंघाना रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बस को रुकवा लिया और उसकी तलाशी शुरू कर दी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने बस परिचालक के बैग की जांच की तो उसमें से अवैध कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने परिचालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले गई। पुलिस अब आरोपी से हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिचालक यह अवैध हथियार हिसार से राजस्थान में किसी व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से लेकर जा रहा था। हालांकि हथियार कहां से लाया गया था और इसे किसे सौंपा जाना था, इसका खुलासा विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




