Home Haryana हिसार में कोचिंग सेंटर संचालक ने की आत्महत्या, आईआईटी रुड़की से किया...

हिसार में कोचिंग सेंटर संचालक ने की आत्महत्या, आईआईटी रुड़की से किया था ग्रेजुएशन

19
0
Screenshot

हिसार। हरियाणा के हिसार में सेक्टर पीएलए निवासी 35 वर्षीय राहुल जैन ने आत्महत्या कर ली। वह आईआईटी रुड़की से पढ़ाई पूरी करने के बाद कोचिंग सेंटर संचालित कर रहे थे। रात हुई इस घटना के बाद सुबह परिजन उन्हें बेसुध अवस्था में नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से हीलियम गैस का सिलिंडर और सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

सिविल लाइन थाना पुलिस के जांच अधिकारी कर्मजीत के अनुसार, राहुल जैन कपड़ा कारोबारी नरेश जैन के बेटे थे। उन्होंने तोशाम रोड पर कोचिंग सेंटर खोला था, जिसे करीब सात महीने पहले बंद कर दिया था। इसके बाद वह दूसरे कारोबार की तैयारी कर रहे थे। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में राहुल ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने लिखा कि वह अब जीना नहीं चाहते। उन्होंने एक वीडियो बनाने का भी जिक्र किया, जिसमें अपनी बात कही थी।

परिजनों के अनुसार, रात सोने से पहले राहुल अपनी मां से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए। उस समय उनके व्यवहार से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठा सकते हैं। पुलिस को परिजनों ने बताया कि राहुल मानसिक रूप से परेशान रहते थे।

राहुल के पिता नरेश जैन ने बताया कि उनका बेटा अक्सर दीक्षा लेने की बात करता था और लंबे समय तक ध्यान लगाता था। परिवार के सदस्य उसे लगातार इतनी देर तक ध्यान न करने की सलाह देते थे। राहुल शनिवार को ही बाजार से हीलियम गैस का सिलिंडर खरीदकर लाए थे। पुलिस के अनुसार, कमरे से मिले साक्ष्यों और सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

राहुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनकी दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। राहुल शादीशुदा थे और उनका दो साल का बेटा है। घटना के समय उनकी पत्नी ज्योति बेटे के साथ मायके गई हुई थीं। राहुल की मौत की सूचना मिलने पर वह हिसार पहुंचीं।

परिवार के मुताबिक, आईआईटी रुड़की से पढ़ाई पूरी करने के बाद राहुल निजी क्षेत्र में नौकरी करना चाहते थे, लेकिन परिवार में इकलौते बेटे होने के कारण उन्हें नौकरी करने से मना कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने अपना कोचिंग सेंटर शुरू किया। उनके पिता की कपड़ा मार्केट में दुकान है। परिवार का नीलम सिनेमा भी है, जो फिलहाल बंद है। इसके अलावा ऋषि नगर में परिवार की जमीन भी है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here