Home Haryana कैथल में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, टांग में गोली लगी;...

कैथल में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, टांग में गोली लगी; अवैध हथियार बरामद

11
0

कैथल, बलिंदर कुमार। कैथल जिले के गुहला थाना क्षेत्र में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। गांव बबकपुर के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी कृपाल सिंह उर्फ बल्लू की टांग में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से 32 बोर का अवैध असलहा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कृपाल उर्फ बल्लू पंजाब के अलीपुर का रहने वाला है और उसके खिलाफ चोरी, लूट व छीनाझपटी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसके इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने टीम तैयार कर मौके पर दबिश दी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मचारियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी।

पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध युवक जंगल की तरफ भागने लगा। कर्मचारियों ने उसे रुकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कुल चार गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली एएसआई अजीत सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट की वजह से उनकी जान बच गई।

इसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से भी चार राउंड फायर किए गए, जिसमें एक गोली आरोपी के घुटने में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी गुहला ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे सरकारी अस्पताल कैथल रेफर कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पंजाब समेत अन्य स्थानों पर चोरी, लूट और छीनाझपटी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और बरामद हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here