रोहतक। शहर के बीचोंबीच कांग्रेस भवन के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब 0001 नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में एक वकील का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान पूर्व पार्षद दीपिका नारा के पति प्रदीप नारा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, उन्हें एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर स्कॉर्पियो के अंदर प्रदीप नारा का शव मिला। उनके सिर की कनपटी पर गोली लगी हुई थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद किया है। फोरेंसिक टीम ने गाड़ी के अंदर और आसपास से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
हालांकि, मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार किया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले और बाद में मौके पर कौन-कौन आया था। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
गौर करने वाली बात यह है कि घटनास्थल के आसपास ही एसपी कार्यालय, सिविल लाइन थाना और महिला पुलिस थाना स्थित हैं। शहर के व्यस्त इलाके में वकील का शव मिलने की खबर से लोगों में भी चर्चा का माहौल बन गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के समय मौके पर कौन मौजूद था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत से जुड़े कई अहम पहलुओं के स्पष्ट होने की उम्मीद है। जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचेगी।







