अंकुर कपूर, अंबाला। जिले में बढ़ती चोरी, लूट और स्नेचिंग की वारदातों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 11 और 12 सितंबर को हुई कई घटनाओं के मामलों में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर जांच आगे बढ़ाई है। इनमें लूट के इरादे से पुलिस कर्मचारी पर हमला करने की वारदात भी शामिल है।
CIA पुलिस ने पटियाला से लवदीप उर्फ लबु को गिरफ्तार किया। पूछताछ में लवदीप ने पुलिस को बताया कि प्रिंस नाम का आरोपी अंबाला में एक और वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस को पकड़ने के लिए कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही प्रिंस ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह बाइक से गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहीं, नारायणगढ़ CIA ने भी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
CIA इंस्पेक्टर परमवीर के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन वारदातों में और कितने लोग शामिल हैं। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







