चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 30 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। करनाल में पुलिस एनकाउंटर को लेकर विवादों में रहे एसपी नरेंद्र बिजारणियां को करनाल से हटाकर एसपी, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नियुक्त किया गया है। वहीं, गुरुग्राम के डीसीपी वेस्ट करण गोयल को करनाल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
गृह विभाग की ओर से जारी तबादला आदेश राज्यपाल की मंजूरी के बादतत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। करनाल रेंज में भी बड़ा बदलाव किया गया है। करनाल के आईजी अशोक कुमार को आईजी, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) सुनारिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह विदेश से लौटे अश्विन को आईजी, करनाल रेंज नियुक्त किया गया है। अश्विन को आईजी, हरियाणा आर्म्ड पुलिस (एचएपी) मधुबन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। अमिताभ सिंह ढिल्लों को एडीजीपी आधुनिकीकरण एवं कल्याण के साथ एडीजीपी ईआरएसएस तथा एडीजीपी ट्रैफिक एवं हाईवे का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। विकास आरोड़ा को एडीजीपी प्रशासन के अलावा एडीजीपी साइबर, टेलीकॉम एवं आईटी तथा निदेशक एससीआरबी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
लोकेंद्र सिंह को एसपी सुरक्षा, सीआईडी-1 के साथ एटीएस और कमांडो नेवल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। भूपिंदर सिंह को पानीपत से स्थानांतरित कर एसपी सुरक्षा, सीआईडी नियुक्त किया गया है। सुमित कुमार को भिवानी से एसपी, एसटीएफ लगाया गया है, जबकि नितीश अग्रवाल को पलवल से गुरुग्राम का डीसीपी क्राइम बनाया गया है।
मेधा भूषण को सोनीपत से स्थानांतरित कर पलवल का एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, दीप्ति गर्ग को झज्जर में डीसीपी पद से पानीपत का एसपी बनाया गया है। मयंक मिश्रा को झज्जर/बहादुरगढ़ डीसीपी से भिवानी का एसपी नियुक्त किया गया, जबकि फ्राबिना पी को मानेसर डीसीपी से नारनौल का एसपी बनाया गया है।
फैसल खान को नारनौल के अतिरिक्त एसपी पद से झज्जर का डीसीपी लगाया गया है। आयुष यादव को रोहतक के अतिरिक्त एसपी पद से सोनीपत डीसीपी ईस्ट की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, वाई.वी.आर. शशि शेखर को नूंह के अतिरिक्त एसपी पद से गुरुग्राम का डीसीपी वेस्ट नियुक्त किया गया है।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दीपिका अग्रवाल, रविंदर कुमार, शिवम और वैशाख बागी को क्रमशः रेवाड़ी, करनाल, अंबाला और रोहतक में एएसपी नियुक्त किया गया है।
अन्य तबादलों में तान्या सिंह को डीएसपी एससीआरबी से कमांडेंट, प्रथम बटालियन एचएपी अंबाला सिटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विजय कुमार को कमांडेंट, द्वितीय आईआरबी भोंडसी नियुक्त किया गया है। पूजा डाबला को एसपी ईआरएसएस से स्थानांतरित कर एसपी आरटीसी भोंडसी बनाया गया है। उन्हें प्रथम आईआरबी भोंडसी के कमांडेंट का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
हरियाणा सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में करनाल, गुरुग्राम, पानीपत, पलवल, भिवानी, नारनौल और सोनीपत सहित कई जिलों के पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।







