Home Haryana गुरुग्राम में नगर निगम टीम पर पथराव, बेसहारा गाय छुड़ाने पहुंचे पशुपालकों...

गुरुग्राम में नगर निगम टीम पर पथराव, बेसहारा गाय छुड़ाने पहुंचे पशुपालकों ने किया हंगामा

2
0

गुरुग्राम | पालम विहार थाना क्षेत्र में कृष्णा चौक के पास  बेसहारा गाय को पकड़ने पहुंची नगर निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। गाय को छुड़ाने पहुंचे कुछ पशुपालकों ने निगम की गाड़ी पर कथित तौर पर पथराव कर दिया, जिससे सरकारी वाहन के शीशे टूट गए। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा भी हुआ। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जबकि राहगीरों ने भी इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम ने  दोपहर हरिनगर कॉलोनी में सड़क पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकड़ा था। टीम इन पशुओं को कार्टरपुरी स्थित गौशाला में छोड़ने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान कृष्णा चौक के पास बाइक और कारों से पहुंचे कुछ पशुपालकों ने निगम के वाहन को रोक लिया और पकड़ी गई गाय को छुड़ाने का प्रयास किया।

टीम के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो पशुपालकों और निगम कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। इसी बीच कुछ कथित गौ-रक्षक भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसके बाद कुछ पशुपालकों ने निगम की टीम पर पथराव कर दिया। कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और हाथापाई किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पथराव में किसी निगम कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सरकारी वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुए हमले के बाद निगम कर्मचारी मौके से हट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।

नगर निगम अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, सरकारी वाहन में तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कर्मचारियों के साथ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here