Home Haryana कैथल में अस्पताल के बाहर चाकूबाजी के आरोपी का एनकाउंटर, पैर में...

कैथल में अस्पताल के बाहर चाकूबाजी के आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

5
0

बलिंदर कुमार, कैथल। कैथल के नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। राजौंद क्षेत्र में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में शामिल उसका एक अन्य साथी अभी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, CIA-1, SDU और AVT की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। घटना के करीब 16 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी का पता लगा लिया। राजौंद क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को चार युवक एक वाहन में सवार होकर कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। आरोपियों ने इमरजेंसी वार्ड के सामने दो युवकों को घेर लिया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायलों को तत्काल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का कैथल के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायल युवकों की पहचान गांव क्योड़क निवासी 24 वर्षीय अभिषेक और 27 वर्षीय कुलदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों का गांव में आरोपियों के साथ विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद दोनों मेडिकल जांच कराने के लिए कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर उन पर हमला कर दिया।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश में भी छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here