Home Haryana दयानंद कॉलोनी फायरिंग मामले में पुलिस मुठभेड़, दो आरोपी पैर में गोली...

दयानंद कॉलोनी फायरिंग मामले में पुलिस मुठभेड़, दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

5
0

हिसार। दयानंद कॉलोनी और अर्बन एस्टेट क्षेत्र में हुई फायरिंग के मामले में हिसार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद काबू किया है। सातरोड साउथ बाईपास पुल के पास पुलिस टीम और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल हिसार में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, सीआईए हिसार की टीम अर्बन एस्टेट क्षेत्र में हुई फायरिंग की वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सातरोड साउथ बाईपास पुल के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए।

घायल आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ मुखिया निवासी बराह, बिहार और अंकित निवासी न्यू मॉडल टाउन, हिसार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके साथ शिव कुमार निवासी बराह, बिहार को भी हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उनके पिछले मामलों की भी जांच की जा रही है।

अर्बन एस्टेट क्षेत्र में हुई फायरिंग के संबंध में हिसार पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को एफआईआर नंबर 262 के तहत गिरफ्तार कर चुकी है। अब दो आरोपियों के मुठभेड़ में घायल होने और एक अन्य आरोपी के हिरासत में लिए जाने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ गई है।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की वारदात के पीछे की वजह, घटना में इस्तेमाल हथियारों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here