Home Haryana कंगना रनौत के बयान और शिक्षा मंत्री की नियुक्ति के विरोध में...

कंगना रनौत के बयान और शिक्षा मंत्री की नियुक्ति के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

7
0

अनुज पांचाल, गुरुग्राम। भाजपा सांसद कंगना रनौत के कथित विवादित बयान और नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री की नियुक्ति को लेकर हरियाणा में सियासी माहौल गरमा गया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर हरियाणा महिला कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए। संगठन की नई कार्यकारिणी के गठन के महज 24 घंटे के भीतर राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन कर महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

महिला कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि हरियाणा के सभी 10 लोकसभा क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन किए गए। कई जिलों में कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके पुतले भी फूंके। प्रदर्शन के दौरान भाजपा से सांसद के बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठाई गई।

प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी सदस्य सीमा हुड्डा कटारिया ने कहा कि कंगना रनौत के कथित बयान और नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की नियुक्ति को लेकर प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, करनाल, अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, झज्जर, महेंद्रगढ़, पानीपत, यमुनानगर, सोनीपत और पलवल सहित कई जिलों में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किए।

वहीं, ओबीसी कांग्रेस की नेशनल कोऑर्डिनेटर अंबिका यादव ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत की हालिया टिप्पणी छात्राओं और देश की बेटियों की भावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्र-छात्राएं परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहे हैं, ऐसे समय में इस प्रकार की टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

महिला कांग्रेस नेताओं ने नए केंद्रीय शिक्षा मंत्री की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, छात्रों का विश्वास और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों पर गंभीरता से काम करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस ने भाजपा नेतृत्व से कंगना रनौत के बयान पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखने तथा देश की बेटियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग दोहराई। नेताओं का कहना है कि यदि इस मुद्दे पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here