Home Haryana कांवड़ यात्रा को लेकर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट, NH-48 पर सुरक्षा और ट्रैफिक...

कांवड़ यात्रा को लेकर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट, NH-48 पर सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम

5
0

अनुज पांचाल, गुरुग्राम। सावन माह की शुरुआत के साथ ही कांवड़ यात्रा को लेकर गुरुग्राम पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि कांवड़ियों के लिए सड़क किनारे अलग लेन और सुरक्षित मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने शिवरात्रि तक सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं।

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे और प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात प्रभावित न हो और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग कर अलग मार्ग तैयार किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग के लिए पुलिस वाहन व बाइक राइडर्स की ड्यूटी लगाई गई है।

एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण और विनम्र व्यवहार करें तथा निर्धारित मार्गों पर यातायात का संचालन बिना बाधा के सुनिश्चित करें। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने कांवड़ शिविरों को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी शिविर केवल सड़क के बाईं ओर निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएंगे। इसके अलावा कांवड़ यात्रियों के वाहन मुख्य सड़क या राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े नहीं किए जा सकेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों को भी यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने का आग्रह किया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here