Home Crime रोहतक में पुत्रवधू के हमले से बुजुर्ग घायल, पुलिस ने दर्ज की...

रोहतक में पुत्रवधू के हमले से बुजुर्ग घायल, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर  

8
0

रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कलानौर क्षेत्र के बसाना गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग पर उनकी पुत्रवधू द्वारा डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके चलते उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पुत्रवधू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित साधुराम ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं। बड़े बेटे प्रकाश का निधन हो चुका है। प्रकाश की पत्नी बबली अपने परिवार के साथ अलग रहती है। साधुराम का आरोप है कि जमीन के बंटवारे को लेकर वह लंबे समय से नाराज है और इसी कारण उनके प्रति रंजिश रखती है।

शिकायत के अनुसार,  शाम करीब साढ़े सात बजे साधुराम अपने घर के बाहर गली में चारपाई पर बैठकर हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान उनकी पुत्रवधू बबली वहां पहुंची और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बबली ने डंडे से उनके सिर, हाथ और पैरों पर कई वार किए। इतना ही नहीं, उसने ईंट से हमला करने का भी प्रयास किया।

शोर सुनकर आसपास मौजूद सत्यवान की पत्नी और दो अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर बुजुर्ग को हमलावर के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल साधुराम को उपचार के लिए कलानौर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर पर पांच टांके लगाए।

घटना की सूचना मिलने पर कलानौर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी पुत्रवधू बबली के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here