पानीपत। हरियाणा के पानीपत शहर के खटीक मोहल्ले में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे से युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब आसपास के लोगों को कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस और जन सेवा दल की टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया।
दरवाजा खुलते ही कमरे के अंदर बेड पर एक युवक का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत करीब पांच दिन पहले हुई थी। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिसके कारण इलाके में बदबू फैलने लगी थी।
मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि मृतक करीब तीन महीने पहले ही किराए पर रहने आया था। वह पेशे से टाइल लगाने का काम करता था और अकेला रहता था। कई दिनों से उसके कमरे का दरवाजा बंद था, लेकिन किसी को किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई। दुर्गंध फैलने के बाद मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने मौके की बारीकी से जांच की, लेकिन मृतक की पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज, पहचान पत्र या अन्य सबूत बरामद नहीं हुआ। हालांकि, कमरे से उसका मोबाइल फोन मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान और परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।







