Home Haryana हरियाणा में फिर सक्रिय होगा मानसून : मौसम बदलेगा, कई जिलों में...

हरियाणा में फिर सक्रिय होगा मानसून : मौसम बदलेगा, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के आसार

14
0

चंडीगढ़। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा और महीने के अंत तक अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है। इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के साथ खरीफ फसलों को भी फायदा होगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 20 और 25 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव के क्षेत्र मानसून को और मजबूत करेंगे। वहीं सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश देखने को मिल सकती है।

मौसम विज्ञानी डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक 20 से 30 जुलाई के बीच पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कैथल और जींद में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं मध्य और दक्षिणी हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और भिवानी सहित पश्चिमी हरियाणा में भी मौसम बदलने की संभावना है। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को लंबे समय से बनी उमस से राहत मिलेगी। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश खरीफ फसलों, विशेषकर धान और कपास के लिए लाभदायक साबित होगी।

मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में बादल फटने, भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों और उत्तरी हरियाणा के जिलों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बना रहा। हिसार में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री, भिवानी में 38.8 डिग्री, फतेहाबाद में 36.8 डिग्री और नारनौल में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रोहतक 40.3 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन सोमवार से मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होंगी और जुलाई के अंतिम सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here