नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सस्ते आईफोन का लालच देकर और फर्जी पेमेंट क्रेडिट मैसेज भेजकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नगीना थाना क्षेत्र के गांव मुल्थान निवासी अखलाक अहमद पुत्र जान मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को मोबाइल पर फर्जी पेमेंट क्रेडिट मैसेज भेजता था और दावा करता था कि गलती से उनके खाते में पैसे ट्रांसफर हो गए हैं। इसके बाद वह लोगों को रकम वापस भेजने के लिए गुमराह कर उनसे ठगी करता था। इसके अलावा आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बेहद कम कीमत में आईफोन बेचने के फर्जी विज्ञापन भी पोस्ट करता था।
पुलिस के अनुसार, विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों से आरोपी एडवांस भुगतान, डिलीवरी चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे अपने बैंक खाते में जमा करवा लेता था। भुगतान मिलने के बाद न तो मोबाइल भेजा जाता था और न ही रकम वापस की जाती थी।
इस संबंध में साइबर क्राइम थाना नूंह में पहले से मामला दर्ज था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए। इनमें से एक सिम उसके नाम पर पंजीकृत है, जबकि दूसरा फर्जी पहचान दस्तावेजों के आधार पर हासिल किया गया था।
जांच के दौरान बरामद मोबाइल नंबरों की पड़ताल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर की गई, जहां दोनों नंबरों के खिलाफ कुल पांच शिकायतें दर्ज मिलीं। इनमें एक नंबर से जुड़ी चार और दूसरे नंबर से संबंधित एक शिकायत शामिल है। इन मामलों में अब तक करीब 1.50 लाख रुपये की साइबर ठगी सामने आई है।
पुलिस को आरोपी के मोबाइल से स्वयं तैयार किए गए फर्जी पेमेंट टेक्स्ट मैसेज और आईफोन से संबंधित तस्वीरें भी मिली हैं, जिनका इस्तेमाल लोगों को झांसे में लेने के लिए किया जाता था।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए साइबर क्राइम थाना नूंह के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस साइबर ठगी गिरोह में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।







