चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के पूर्व चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी को मुख्यमंत्री का विशेष शिकायत निवारण अधिकारी (स्पेशल ऑफिसर-ग्रिवेंस रिड्रेसल) नियुक्त किया है। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
यमुनानगर जिले के गांव खदरी निवासी भोपाल सिंह अब मुख्यमंत्री कार्यालय में आम नागरिकों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण, उनकी निगरानी और फॉलोअप से संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। सरकार का उद्देश्य शिकायत निवारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाना है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति अस्थायी आधार पर की गई है। भोपाल सिंह इस पद पर तब तक कार्यरत रहेंगे, जब तक मुख्यमंत्री उन्हें विशेष शिकायत निवारण अधिकारी के रूप में बनाए रखना उचित समझेंगे।
सरकार ने यह भी कहा है कि उनकी सेवा शर्तों, वेतन-भत्तों और अन्य प्रशासनिक नियमों से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।
नियुक्ति आदेश की प्रतियां प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं ऑडिट), मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव, प्रधान सचिव, चीफ स्टाफ ऑफिसर, सामान्य प्रशासन विभाग, प्रोटोकॉल विभाग तथा स्वयं भोपाल सिंह को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं।
भोपाल सिंह खदरी इससे पहले हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। अब नई भूमिका में उनसे मुख्यमंत्री कार्यालय में आने वाली जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान की प्रक्रिया को और मजबूत करने की उम्मीद की जा रही है।







