Home Accident रेवाड़ी में हाईवे पर दौड़ता कैंटर बना आग का गोला, बड़ा हादसा...

रेवाड़ी में हाईवे पर दौड़ता कैंटर बना आग का गोला, बड़ा हादसा टला

2
0

रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में शनिवार सुबह दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारूहेड़ा क्षेत्र में सावरियां होटल के पास तेज रफ्तार कैंटर आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर के इंजन में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। हालांकि चालक और परिचालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जलते हुए कैंटर से उठती ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत धारूहेड़ा थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कैंटर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। आग लगने से वाहन में रखा सामान भी नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर और कैंटर दोनों दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे थे। सावरियां होटल के पास किसी कारणवश कैंटर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह पीछे से डंपर में जा टकराया। टक्कर के बाद इंजन में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के चलते दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक व परिचालक सुरक्षित बच निकले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here