चंडीगढ़। हरियाणा में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और लगातार तीसरे दिन भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को 14 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही वर्षा के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।
गुरुवार सुबह से फरीदाबाद, पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, पंचकूला समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। कई स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की गई, जिससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। हालांकि कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी सूचना है।
मौसम विभाग ने करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 120 मिलीमीटर या उससे अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल, पलवल, नूंह, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 5.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में करीब 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रोहतक में रात के तापमान में सबसे अधिक 3.8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई। हालांकि हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।
बीते 24 घंटों के दौरान गुरुग्राम में सबसे अधिक 83 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि करनाल में 79.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा पलवल में 42 मिलीमीटर, यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में 36 मिलीमीटर और नूंह में 25.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के बाद गुरुग्राम का अधिकतम तापमान घटकर 29 डिग्री सेल्सियस और करनाल का 29.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे तक हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। 10 जुलाई को उत्तर हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में भारी बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। 11 जुलाई से मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे कम हो सकती है, जिसके बाद पश्चिमी हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जैसे जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।







