भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले के दांग कलां गांव में रात आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग की घटना सामने आई। हमले में गोली युवक की पीठ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे तुरंत जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही तोशाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल युवक की पहचान दांग कलां निवासी मिंटू उर्फ लारा के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले गांव के कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते सोमवार रात करीब आठ बजे जब वह गांव की गली से गुजर रहा था, तभी पीछे से आए गांव के ही संजय नामक युवक ने उस पर गोली चला दी।
मिंटू के अनुसार, गोली उसकी पीठ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संजय का नाम पहले भी आपराधिक घटनाओं में सामने आ चुका है और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस घटना के बाद भी वह फरार होने में सफल रहा।
तोशाम थाना पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।







