Home Haryana राहुल गांधी को खुद कांग्रेस नेता ही स्वीकार नहीं कर रहे: असीम...

राहुल गांधी को खुद कांग्रेस नेता ही स्वीकार नहीं कर रहे: असीम गोयल

4
0

अंकुर कपूर, चंडीगढ़ |  पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी के भीतर बढ़ती गुटबाजी और नेताओं के बागी तेवरों ने राज्य की सियासत को गर्मा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा नेता और पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश में नेतृत्व संकट से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है और चुनावों से पहले सामने आ रही गुटबाजी अब कांग्रेस की पहचान बन चुकी है।

असीम गोयल ने कहा कि कांग्रेस के अपने नेता ही राहुल गांधी के नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। यही वजह है कि राहुल गांधी ने खुद को पार्टी अध्यक्ष पद से अलग कर जिम्मेदारी मल्लिकार्जुन खड़गे पर डाल दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस नेतृत्व अपनी पार्टी की अंदरूनी कलह को नियंत्रित नहीं कर पा रहा, तो वह देश की समस्याओं का समाधान कैसे करेगा।

भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर विदेशों में भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जब कोई नेता अपने ही देश के प्रति गंभीर नहीं होता, तो पार्टी के प्रति समर्पण और विचारों में स्थिरता की उम्मीद नहीं की जा सकती। उनके मुताबिक कांग्रेस के भीतर बढ़ता असंतोष इसी का परिणाम है।

वहीं पंजाब सरकार की ‘मांवां धीआं योजना’ को लेकर भी असीम गोयल ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के सम्मान की योजना नहीं, बल्कि चुनावी राजनीति का हिस्सा है। गोयल ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को सम्मान देना चाहती, तो एक-दो किश्तें जारी करने के बजाय पूरी सहायता राशि एक साथ देती।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी केवल चुनावी फायदा उठाने के लिए घोषणाएं कर रही है और योजनाओं को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बना रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here