हिसार I हिसार के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालसमंद पुलिस चौकी इलाके में सीसवाला-रावलवास खुर्द मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल हिसार की मोर्चरी में भिजवा दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12:30 बजे डायल-112 की टीम नियमित गश्त के दौरान सीसवाला से रावलवास खुर्द जाने वाले मार्ग पर पहुंची। इस दौरान सड़क किनारे एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर पर गहरी चोट के निशान थे और जांच करने पर वह मृत पाया गया। सूचना मिलने के बाद बालसमंद पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान गांव सीसवाला निवासी अनिल कुमार उर्फ टेकी के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मारी, जिसके बाद चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। फिलहाल पुलिस को दुर्घटना में शामिल वाहन के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
बालसमंद पुलिस चौकी प्रभारी जयबीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क हादसे का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों और वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि मृतक नशा करता था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।







