Home Haryana राष्ट्रीय परमाणु संस्थान में चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, 90 हजार...

राष्ट्रीय परमाणु संस्थान में चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, 90 हजार की तांबे की स्ट्रिप गायब

6
0
Screenshot

बहादुरगढ़। गांव खेड़ी-जसौर स्थित ग्लोबल सेंटर फॉर न्यूक्लियर एनर्जी पार्टनरशिप (GCNEP) परिसर में तांबे की अर्थिंग स्ट्रिप चोरी होने का मामला सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। संस्थान प्रशासन की शिकायत पर आसौदा पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।


जीसीएनईपी के एस्टेट अधिकारी सुरेंद्र कुमार द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, परिसर की परिधि दीवार के निकट लोहारहेड़ी गांव की ओर जाने वाली सड़क के पास तांबे की अर्थिंग स्ट्रिप और अन्य विद्युत सामग्री संदिग्ध हालत में पड़ी मिली। यह सामग्री प्लास्टिक कवर में पैक थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि अज्ञात चोरों ने परिसर की दीवार में छेद कर अंदर से सामग्री बाहर निकाली और बाद में उसे ले जाने की योजना बनाई थी।

सूचना मिलते ही सुरक्षा अधिकारियों ने बरामद सामग्री को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया। इसके बाद विभागीय स्तर पर कराई गई जांच में पुष्टि हुई कि बरामद तांबे की स्ट्रिप परिसर के इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन (ESS) और डीजी भवन में स्थापित अर्थिंग सिस्टम से चोरी की गई थी।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि करीब 136 मीटर लंबी तांबे की अर्थिंग स्ट्रिप गायब है। इनमें से लगभग 50 मीटर स्ट्रिप परिसर की दीवार के पास से बरामद कर ली गई, जबकि शेष सामग्री अभी तक लापता है।

संस्थान प्रशासन का कहना है कि जीसीएनईपी, परमाणु ऊर्जा विभाग (DAE) के अधीन संचालित देश का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संस्थान है, जहां परमाणु विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े वरिष्ठ वैज्ञानिकों और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों का नियमित आगमन होता है। ऐसे में इस तरह की चोरी को केवल आर्थिक नुकसान नहीं बल्कि गंभीर सुरक्षा चूक के रूप में देखा जा रहा है।

संस्थान ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here