सुन्दर कुंडू, पलवल। फिट इंडिया और फिट हरियाणा अभियान के तहत रविवार को पलवल में ‘साइकिल ऑन संडे’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकिल रैली की शुरुआत हुड्डा सेक्टर-2 से हुई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान खेल राज्य मंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘साइकिल ऑन संडे’ जैसी पहल लोगों को नियमित व्यायाम और फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा व्यायाम अवश्य करना चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। साइकिलिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
खेल मंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं तथा नशामुक्त और स्वस्थ युवा ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। पलवल जिले में युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने के लिए 100 खेल नर्सरियां स्थापित की गई हैं। साथ ही, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है।
गौरव गौतम ने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन करने का आह्वान किया।







