Home Crime राजौंद में दुकान पर हमला और तोड़फोड़ मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार,...

राजौंद में दुकान पर हमला और तोड़फोड़ मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार, कब्जा विवाद निकला वजह

2
0

बलिन्द्र कुमार, कैथल। कैथल जिले के राजौंद कस्बे में एक दुकान में घुसकर हमला करने, तोड़फोड़ करने और दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे दुकान के कब्जे को लेकर चल रहा पुराना विवाद था। आरोपियों ने कथित तौर पर दुकान पर कब्जा दिलाने के लिए हमला किया था।

थाना राजौंद के प्रभारी इंस्पेक्टर रामनिवास ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर थाना राजौंद पुलिस और एंटी नारकोटिक सेल-2 की संयुक्त टीम ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, राजौंद निवासी संदीप कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 31 मई की शाम करीब 8:30 बजे कुछ लोग उसकी दुकान पर पहुंचे और हमला कर दिया। आरोपियों ने दुकान के ताले तोड़ दिए तथा शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इसके बाद अगले दिन 1 जून को भी आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचे और फिर से हंगामा करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं।

शिकायत के आधार पर थाना राजौंद में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी महिपाल और शिकायतकर्ता संदीप के बीच दुकान को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि महिपाल ने अपनी दुकान का कब्जा वापस लेने के लिए विनोद नामक व्यक्ति से संपर्क किया। इसके बाद विनोद ने कुलदीप और अन्य साथियों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि महिपाल ने आरोपियों को दुकान पर कब्जा दिलाने और हमला करने के लिए पैसे दिए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

इंस्पेक्टर रामनिवास ने कहा कि कानून को हाथ में लेने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here