Home Crime ऑपरेशन मैदान-2’ के तहत यमुनानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2,328 नशीले कैप्सूल-गोलियां...

ऑपरेशन मैदान-2’ के तहत यमुनानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2,328 नशीले कैप्सूल-गोलियां बरामद

3
0

यमुनानगर | नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यमुनानगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग कार्रवाईयों में 2,328 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और गोलियां बरामद की हैं। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

डीएसपी रजत गुलिया ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि अंबाला रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन के निर्देशों पर जिले में ‘ऑपरेशन मैदान-2’ (मिशन मैदान 2.0) चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने भी जिले की सभी अपराध शाखाओं, थाना प्रभारियों और पुलिस चौकियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हुए हैं।

पहली कार्रवाई एंटी नारकोटिक सेल ने की। सेल प्रभारी अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से नशीले कैप्सूलों की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव जागधौली क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 528 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी की पहचान रवि कुमार निवासी गांव कलावड़, थाना छप्पर के रूप में हुई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में अपराध शाखा-1 की टीम ने प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। शाखा प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राज कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 1,800 प्रतिबंधित नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी की पहचान अजमल निवासी जठलाना, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े तथ्यों को स्वीकार किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है तथा नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।

यमुनानगर पुलिस ने आमजन से भी नशे के खिलाफ जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here