Home Haryana हरियाणा पुलिस को मिली 310 नई इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल, सीएम सैनी ने...

हरियाणा पुलिस को मिली 310 नई इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल, सीएम सैनी ने दिखाई हरी झंडी

7
0

गुरुग्राम। हरियाणा पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने होंडा इंडिया फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई गई 310 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ये वाहन प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात किए जाएंगे, जिससे पुलिस की कार्यक्षमता और प्रतिक्रिया समय में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस के आधुनिकीकरण और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई ईआरवी के पुलिस बेड़े में शामिल होने से आपातकालीन स्थितियों में घटनास्थल तक तेजी से पहुंचना संभव होगा। इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और आम नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस करना आवश्यक है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाना है। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से पुलिस की फील्ड उपस्थिति मजबूत होगी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

गुरुग्राम दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का कार्यक्रम विभिन्न प्रशासनिक और औद्योगिक गतिविधियों पर भी केंद्रित रहा। सुबह वह सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जहां जनसमस्याओं और विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की समीक्षा की जाएगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री गुरुग्राम के ग्रैंड हयात होटल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा तैयार की गई “मेक इन हरियाणा पॉलिसी” तथा अन्य सेक्टोरल नीतियों का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहेंगे।

सरकार का मानना है कि नई औद्योगिक नीतियां राज्य में निवेश को बढ़ावा देंगी, औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने में सहायक साबित होंगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here