Home Haryana गुरुग्राम के सेक्टर-46 में पांच मंजिला इमारत में लगी आग, चार महिलाओं...

गुरुग्राम के सेक्टर-46 में पांच मंजिला इमारत में लगी आग, चार महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू

4
0

गुरुग्राम  | गुरुग्राम के सेक्टर-46 स्थित एक पांच मंजिला इमारत में देर रात आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग भूतल पर बने एक कार्यालय में लगी, जिसके बाद पूरे भवन में तेजी से धुआं फैल गया। धुएं के कारण ऊपरी मंजिलों पर बने पीजी में रह रही महिलाएं घबरा गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, इमारत के बेसमेंट में एक क्लीनिक संचालित हो रहा था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर कार्यालय बना हुआ था। देर रात अचानक कार्यालय से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते धुआं पूरे भवन में फैल गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग के कारण कार्यालय में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

आग लगने के दौरान ऊपरी मंजिलों पर स्थित पीजी के कमरों में चार महिलाएं फंस गई थीं। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत कार्य के दौरान आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।

सेक्टर-29 फायर स्टेशन से पहुंची दमकल टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मी सुधीर सिंह और राय सिंह ने बताया कि समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। यदि आग और फैलती तो इमारत में मौजूद लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here