Home Crime करनाल में मामूली विवाद बना जानलेवा, 10 रुपये मांगने पर सब्जी विक्रेता...

करनाल में मामूली विवाद बना जानलेवा, 10 रुपये मांगने पर सब्जी विक्रेता की ईंट मारकर हत्या

5
0

करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में महज 10 रुपये के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बुढ़ाखेड़ा चौक के पास रात दो अज्ञात युवकों ने एक सब्जी विक्रेता की ईंट और डंडे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई मृतक की बेटी और पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सेक्टर-32 थाना पुलिस को दी शिकायत में बूढ़ाखेड़ा गांव निवासी शिवानी ने बताया कि उसके पिता संजय सैनी (44) मुख्य सड़क किनारे नाले के पास फल और सब्जी की दुकान लगाते थे। रात करीब 9:30 बजे वह अपनी मां और बहनों के साथ दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक दुकान पर आए और करीब 210 रुपये की फल-सब्जी खरीदकर 200 रुपये देकर जाने लगे।

जब परिवार ने बाकी 10 रुपये मांगे तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर संजय सैनी मौके पर पहुंचे और युवकों को विवाद न करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात पर दोनों हमलावर भड़क गए और उन्होंने संजय को धक्का देकर मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में आरोपियों ने डंडे और ईंट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

शिवानी के अनुसार, छोटी बहन सलोनी पिता को बचाने के लिए डंडा लेकर आई थी, लेकिन आरोपियों ने उससे डंडा छीन लिया और उसी से उसकी बाजू पर हमला कर दिया। जब मां अनु बीच-बचाव के लिए आगे आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। हमलावर लगातार संजय के सिर पर ईंट और डंडों से हमला करते रहे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल संजय को तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामले में सेक्टर-32 थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मृतक की बेटी की शिकायत पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here