झज्जर । जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के झज्जर जिले के गिजाड़ोध गांव निवासी 26 वर्षीय सिपाही मोहित देश सेवा करते हुए शहीद हो गए। इस हादसे में सेना का वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें कुल 10 जवानों ने अपनी जान गंवा दी।
सिपाही मोहित भारतीय सेना की 72 आर्मर्ड रेजिमेंट में तैनात थे। वे वर्ष 2020 में सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में श्रीनगर क्षेत्र में सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार को वे अपने करीब 20 साथियों के साथ सैन्य वाहन में श्रीनगर से डोडा की ओर जा रहे थे, तभी पहाड़ी मार्ग पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की सूचना गुरुवार देर शाम गांव तक पहुंची, हालांकि परिजनों को इसकी जानकारी शुक्रवार सुबह दी गई। जैसे ही शहादत की खबर मिली, गिजाड़ोध गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और माहौल गमगीन हो गया।
शहीद मोहित करीब डेढ़ माह पहले ही छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर लौटे थे और जल्द घर आने का वादा कर गए थे। उनकी शादी एक वर्ष पूर्व अंजलि से हुई थी और कुछ दिन पहले ही दंपती ने अपनी पहली शादी की सालगिरह मनाई थी।
मोहित के पिता सतपाल किसान हैं, माता रेखा गृहिणी हैं, जबकि छोटा भाई जितेंद्र वाहन चालक के रूप में कार्य करता है। गांव के सरपंच नरेश ने बताया कि शहीद मोहित का पार्थिव शरीर शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे गांव पहुंचेगा, जिसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांववासी अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई देंगे और उसकी शहादत को हमेशा गर्व के साथ याद रखेंगे।







