Home Crime 13 साल की नाबालिग से 45 वर्षीय व्यक्ति का निकाह कराने का...

13 साल की नाबालिग से 45 वर्षीय व्यक्ति का निकाह कराने का मामला, चाचा की शिकायत पर FIR दर्ज

106
0

नूंह |  हरियाणा के नूंह जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची का निकाह 45 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति से करा दिया गया। आरोप है कि यह निकाह गांव के ही एक मदरसे में मौलवी की मौजूदगी में पढ़ाया गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्ची के चाचा को इस बारे में जानकारी मिली और उन्होंने संबंधित व्यक्ति के घर जाकर बेटी को खोजने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह बच्ची को लेकर फरार हो चुका था।

मामले की शिकायत पुलिस को सौंपी

पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत सौंपते हुए नाबालिग बच्ची के पिता, शादी करने वाले व्यक्ति और निकाह पढ़ाने वाले मौलवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिरोजपुर झिरका थाने में दी गई शिकायत में लड़की के चाचा ने बताया कि उसका भाई नशे का आदी है और उसी के संपर्क में रहने वाला रज्जाक नाम का व्यक्ति भी नशे का सेवन करता है। रज्जाक पहले से शादीशुदा है और पांच बच्चों का पिता है।

मदरसे में कराया गया था निकाह

पीड़ित के अनुसार, करीब एक महीने पहले नाबालिग का निकाह गांव महू चोपड़ा स्थित मदरसे में रज्जाक के साथ पढ़वाया गया था। निकाह में मौलवी की भूमिका पर भी सवाल खड़े हुए हैं, जिसने 45 साल के व्यक्ति के साथ नाबालिग का विवाह कराया। यह पूरी प्रक्रिया अवैध मानी जा रही है, क्योंकि नाबालिग की शादी कानूनन अपराध है।

चाचा को बच्ची की सुरक्षा को लेकर आशंका

लड़की के चाचा ने बताया कि जब उन्हें इस निकाह की जानकारी मिली तो उन्होंने गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों के साथ मिलकर बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची और आरोपी रज्जाक का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने आशंका जताई है कि बच्ची के साथ कोई अनहोनी हो सकती है, क्योंकि रज्जाक गांजा और शराब जैसे नशे की अवैध सप्लाई में लिप्त है।

पुलिस से की गई सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने पुलिस से अपील की है कि रज्जाक, मौलवी और इस अवैध निकाह में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और नाबालिग को जल्द से जल्द उसके चंगुल से छुड़ाया जाए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here