गन्नौर | हरियाणा के गुमड़ गांव में तेंदुआ दिखाई देने की खबरों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में तेंदुए के खेतों में घूमने का दावा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और वन विभाग सतर्क हो गया है।
गांव के रहने वाले नरेश ने बताया कि उनके खेत ड्रेन के पास हैं, जहां गन्ने की फसल खड़ी है। तीन दिन पहले उन्होंने खेत में एक तेंदुए को घुसते हुए देखा था। बुधवार को इसी इलाके में एक अन्य किसान सचिन को भी खेत में तेंदुआ दिखाई दिया, जिसके बाद उसने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वन विभाग को सूचित किया।
स्थानीय किसानों ने तेंदुए के पैरों के निशान भी खेतों में देखने का दावा किया है। इसके बाद खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने काम बंद कर दिया और वहां से चले गए। कई ग्रामीण अब खेतों की ओर जाने से भी डर रहे हैं। कुछ लोग तो दिन के समय भी घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोग राहत महसूस कर सकें।
इस मामले पर वन्य प्राणी निरीक्षक सुनील तंवर का कहना है कि अभी तक विभाग को तेंदुआ दिखाई देने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। यदि कोई सूचना मिलती है तो तुरंत मौके पर कार्रवाई की जाएगी।







