फतेहाबाद | फतेहाबाद पुलिस को नशा मुक्ति अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 522.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त की गई यह नशे की खेप बाजार में लगभग 80 लाख रुपये की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गांजा उड़ीसा से लाकर हरियाणा और पंजाब में सप्लाई किया जा रहा था।
पुलिस को यह गांजा जाडली कलां गांव में एक खेत में गुप्त रूप से छिपाकर रखा हुआ मिला। सूचना के आधार पर जब पुलिस ने नीम के पेड़ के पास मिट्टी के नीचे तलाशी ली, तो वहां से 26 कट्टे बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक में करीब 20 किलो गांजा भरा हुआ था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान देशराज पुत्र गुलिया राम, निवासी अयालकी, हाल निवासी कीर्ति नगर, फतेहाबाद और ओमी पुत्र बजीर सिंह, निवासी बोस्ती, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में शामिल रह चुके हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के जिला जयपुर निवासी रामकिशन हरी के संपर्क में हैं, जो इस तस्करी रैकेट का मुख्य सरगना है। रामकिशन गांजा उपलब्ध कराकर हरियाणा-पंजाब के तस्करों को वाहन मुहैया कराता है और बार-बार गाड़ी बदलकर माल को गंतव्य तक पहुंचाया जाता है ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना भूना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।
फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस हरसंभव कदम उठाएगी।







