करनाल | बुधवार रात 1:30 बजे भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के सात शहरों में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर आतंक के खिलाफ बड़ा कदम उठाया। इस कार्रवाई को लेकर पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए करनाल निवासी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी नरवाल ने भावुक प्रतिक्रिया दी है।
हिमांशी ने कहा, “हमारी सेना और मोदी सरकार ने आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। जिस दर्द से मैं और बाकी 27 परिवार गुजरे हैं, आज वही दर्द पाकिस्तान में बैठे लोगों को महसूस हो रहा होगा।” उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद का पूरी तरह से खात्मा होना चाहिए ताकि किसी और को ऐसा दुःख न सहना पड़े।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम को लेकर हिमांशी ने कहा कि यह नाम उनके लिए बेहद निजी और भावनात्मक है। उन्होंने कहा, “मेरी शादी को कुछ ही समय हुआ था, मेरी तो पूरी ज़िंदगी ही छीन ली गई।”
लेफ्टिनेंट विनय नरवाल, जिनकी उम्र लगभग 28 वर्ष थी, कोच्चि में भारतीय नौसेना में तैनात थे और छुट्टी पर कश्मीर घूमने गए थे। वे पत्नी हिमांशी के साथ हनीमून पर थे। बैसारन घाटी में घूमते समय आतंकी हमले में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। विनय करनाल के सेक्टर-7 के रहने वाले थे।







