चंडीगढ़ | भीषण गर्मी से जूझ रहे हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश ने जहां लोगों को राहत दी है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश नुकसानदायक साबित हुई है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
पिछले दो दिनों में हरियाणा के विभिन्न जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में औसतन 3.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, हालांकि शनिवार को तापमान में फिर से 5.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हिसार का बालसमंद क्षेत्र इस दौरान प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश में 7 मई तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है। लगातार सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव के चलते 3 मई की रात से 7 मई तक बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।







