गुरुग्राम (अनुज पंचाल)। गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। बजघेड़ा एग्जिट के पास सुबह करीब 4:30 बजे एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक रोक दिया और नीचे कूदकर अपनी जान बचा ली।घटना की सूचना मिलते ही बजघेड़ा थाना पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक और उसमें रखा पूरा सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था।आग लगने के कारण द्वारका एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को सर्विस लेन के रास्ते निकाला, जिससे लंबा जाम लगने से बचाव हो सका। आग बुझाने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।प्रारंभिक जांच में ट्रक के इंजन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। समय रहते चालक के ट्रक से बाहर निकल जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।







