Home Crime रोहतक में शराब के दौरान विवाद बना जानलेवा, युवक ने गैस सिलेंडर...

रोहतक में शराब के दौरान विवाद बना जानलेवा, युवक ने गैस सिलेंडर से दोस्त की हत्या की

6
0

रोहतक  | रोहतक के सांपला थाना क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने भयावह रूप ले लिया। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की गैस सिलेंडर से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बिहार के मधुबनी निवासी सिकंदर और उत्तर प्रदेश निवासी दीपू सांपला स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करते थे। दोनों दहकौरा रोड स्थित जसोरखेड़ी निवासी आशु के मकान में किराए पर रहते थे। दीपू करीब ढाई माह पहले ही यहां काम के सिलसिले में आया था और फैक्टरी में ही दोनों की दोस्ती हुई थी।

रात दोनों कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। गुस्से में सिकंदर ने पास रखे छोटे गैस सिलेंडर से दीपू के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से दीपू की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। एफएसएल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया ने टीम के साथ पहुंचकर सैंपल लिए। थाना सदर प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here