बहादुरगढ़। शहर की 11 अवैध कॉलोनियों को जल्द ही वैध किया जा सकता है, जिससे हजारों निवासियों को राहत मिलेगी। नगर परिषद ने इन कॉलोनियों की सूची और ड्राफ्ट प्लान तैयार कर लिया है, जो वैधता के मानकों पर खरे उतरते हैं। प्रस्ताव को जिला स्तर पर मंजूरी मिलने के बाद अब शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के महानिदेशक को भेजा जा रहा है।
नगर परिषद के अनुसार, इन 11 कॉलोनियों का कुल क्षेत्रफल लगभग 78 एकड़ है। प्रस्ताव में शामिल कॉलोनियों में मामन विहार, छिकारा कॉलोनी, बीएसएम स्कूल के पीछे कॉलोनी, ओमेक्स के पास कॉलोनी, जी डी एंड डिफेंस कॉलोनी नजदीक कसार रोड, बीएसएम स्कूल कॉलोनी पार्ट टू, बादली रोड कॉलोनी, शीतला माता कॉलोनी, न्यू सुभाष नगर कॉलोनी, सुभाष नगर एक्सटेंशन, सुभाष नगर पार्ट टू, विकास नगर एक्सटेंशन, और छोटूराम नगर एक्सटेंशन पार्ट 3 शामिल हैं।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अरुण नांदल ने बताया कि वैध कॉलोनियों में छूटे हुए पैच और अवैध कॉलोनियों को शामिल किया गया है, जो सरकारी नियमों पर खरे उतरते हैं। उन्होंने कहा कि निदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद इन कॉलोनियों में विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इससे पहले भी वैध कॉलोनियों में कई विकास कार्य पहले ही शुरू हो चुके हैं।
नगर परिषद का कहना है कि प्रस्ताव के तहत कॉलोनियों को पूरी तरह कानूनी वैधता मिलेगी और निवासियों को अपने प्लॉट और संपत्ति के अधिकार सुरक्षित होंगे। इससे संबंधित सभी योजनाओं और सुधारों का कार्य भी तेजी से शुरू किया जाएगा।







