चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में राज्य में 10 अत्याधुनिक औद्योगिक शहर बसाने की योजना पर काम शुरू हो चुका है, और जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती, सरकार पांच नए इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) तैयार करेगी।
अंबाला से फरीदाबाद तक तैयार होंगी पांच IMT
सरकार ने अंबाला, नारायणगढ़, जींद, रेवाड़ी और फरीदाबाद में नई IMT बसाने का फैसला लिया है। इसके लिए करीब 31 हजार एकड़ जमीन किसानों से खरीदी जाएगी। वहीं, फरीदाबाद के सेक्टरों का भी बड़ा विस्तार होगा, जिसके लिए आसपास के लगभग 12 गांवों से 4500 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी।
जमीन खरीद प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
खास बात यह है कि सरकार किसी की जमीन जबरन नहीं लेगी। एचएसवीपी (HSVP) और एचएसएसआईडीसी (HSSIDC) द्वारा भूमि खरीद की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन पोर्टल https://bhumi.jamabandi.nic.in के माध्यम से की जाएगी। किसान 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
कहां-कहां होगी जमीन की खरीद?
फरीदाबाद में सेक्टर 94ए, 96, 96ए, 97ए, 99, 100, 101, 102, 103, 140, 141 और 142 का विकास किया जाएगा। इसके लिए तिगांव, खेडी कलां, नचोली, ताजपुर, धनकौला, शाहबाद, साहूपुरा जैसे 18 से अधिक गांवों से जमीन ली जाएगी।
10 औद्योगिक शहरों से बदलेगा प्रदेश का भविष्य
बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 10 आधुनिक औद्योगिक शहर बसाने की घोषणा की थी। इन शहरों के लिए HSSIDC जल्द नाम और प्रारूप तय करेगा। सरकार का मानना है कि इससे राज्य में विकास की गति तेज होगी और युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर मिलेंगे।
यह पहल हरियाणा को औद्योगिक निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा कर सकती है।







