Home Haryana तीसरी बार माउंट एल्ब्रस पर फहराएंगे तिरंगा, रेवाड़ी के नरेंद्र सिंह रचेंगे...

तीसरी बार माउंट एल्ब्रस पर फहराएंगे तिरंगा, रेवाड़ी के नरेंद्र सिंह रचेंगे नया इतिहास

55
0

रेवाड़ी  | रेवाड़ी के पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव एक बार फिर देश को गौरवान्वित करने को तैयार हैं। इस स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को वे यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराएंगे। खास बात यह है कि यह उनका इस चोटी पर तीसरा सफल प्रयास होगा। इसके साथ ही नरेंद्र सिंह एल्ब्रस को तीन बार फतह करने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे, जो उन्हें एक अनूठा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दिला सकता है।

6 अगस्त को रूस के लिए होंगे रवाना

नरेंद्र सिंह 6 अगस्त को रूस रवाना होंगे और एक अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण टीम का नेतृत्व करेंगे। इससे पहले वे 2017 और 2023 में भी माउंट एल्ब्रस पर फतह हासिल कर चुके हैं। नरेंद्र न केवल पर्वतारोहण में निपुण हैं, बल्कि वे सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रभक्ति से भी जुड़े हैं। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और विश्व हिंदू परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता हैं।

रन फॉर राम” से जोड़ रहे भारत के चार कोने

नरेंद्र ने “रन फॉर राम” नाम से एक अल्ट्रा मैराथन शुरू की है, जिसके तहत वे चार दिशाओं से अयोध्या को जोड़ रहे हैं। अब तक वे रामेश्वरम, सोमनाथ और बूढ़ा अमरनाथ से कुल 6211 किलोमीटर दौड़ चुके हैं। उनका अगला चरण जनवरी 2026 में परशुराम कुंड (अरुणाचल प्रदेश) से शुरू होगा। वे प्रतिदिन औसतन 51 किलोमीटर दौड़ पूरी करते हैं।

अब लक्ष्य एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम

नरेंद्र का अगला मिशन “एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम” है, जिसमें सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों और दोनों ध्रुवों तक पहुंचना शामिल है। इसके अलावा वे सातों महाद्वीपों के प्रमुख ज्वालामुखियों को भी फतह करने का इरादा रखते हैं।

15 अगस्त को जब माउंट एल्ब्रस की चोटी पर तिरंगा लहराएगा, तो वह सिर्फ एक पर्वतारोहण की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के साहस और जज्बे का प्रतीक बन जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here