Home Haryana अमेरिका में ट्रक हादसे में करनाल के युवक की दर्दनाक मौत, गांव...

अमेरिका में ट्रक हादसे में करनाल के युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

233
0

करनाल | हरियाणा के करनाल जिले के सौंकड़ा गांव से ताल्लुक रखने वाले 22 वर्षीय सुखबीर सिंह की अमेरिका में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। सुखबीर अमेरिका में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था और हादसे के वक्त ट्रक में माल लेकर जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

ट्रक टकराया डिवाइडर से, डीजल टैंक में लगी आग

परिवार के अनुसार, सुखबीर के ताया राजेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले ही सुखबीर ने अपने पिता से फोन पर बात की थी और कहा था कि वह यार्ड में ट्रक पार्क करने के बाद दोबारा बात करेगा। लेकिन करीब 30 मिनट बाद ही दुर्घटना की सूचना परिवार को मिली। बताया गया कि ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर डीजल टैंक फटने से उसमें आग लग गई। सुखबीर ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

चार साल पहले गया था अमेरिका

सुखबीर के चाचा ने बताया कि वह चार साल पहले डोंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। वहां जाकर उसने ट्रक चलाना शुरू किया था। घर में सब कुछ ठीक चल रहा था। कुछ महीने पहले ही सुखबीर की बहन की इंग्लैंड में शादी हुई थी, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल था। लेकिन अब अचानक इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुखबीर की दो बहनें हैं। बहन की हाल ही में शादी हुई थी और वह इंग्लैंड से भारत आई हुई हैं। हादसे की खबर सुनकर उनकी तबीयत बिगड़ गई और हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है। घर में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।

मांग: शव को जल्द भारत लाया जाए

परिवार अब सरकार से अपील कर रहा है कि सुखबीर के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here