चंडीगढ़ | हरियाणा में आज यानी सोमवार से लेकर 29 अप्रैल तक लू का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, राहत की खबर यह है कि 30 अप्रैल से लेकर 3 मई तक प्रदेश में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
28 अप्रैल से 3 मई तक का मौसम पूर्वानुमान:
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में इतनी ही गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। 28 और 29 अप्रैल को मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि 30 अप्रैल से 3 मई तक कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
28 अप्रैल: इन जिलों में लू का येलो अलर्ट
चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह (मेवात), पलवल, फरीदाबाद, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
29 अप्रैल: और बढ़ेगी गर्मी
29 अप्रैल को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में लू चलने के आसार हैं और येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
30 अप्रैल: बारिश की होगी शुरुआत
30 अप्रैल को पंचकूला और यमुनानगर में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम और नूंह में लू का असर बना रह सकता है। पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है।
1 मई: बारिश का सिलसिला रहेगा जारी
1 मई को पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है।
2 और 3 मई: बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 2 और 3 मई को भी हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।







