हरियाणा, 9 सितम्बर ( TSN)– एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की सूचि जारी कर दी है.वही गठबंधन को लेकर कांग्रेस चुप्पी साधे हुए है। अपने समधी और पूर्व मंत्री करन सिंह दलाल के चुनावी कार्यालय का विधिवत शुभारंभ करने पलवल पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जब गठबंधन को लेकर सवाल किया तो भूपेंद्र हुड्डा ने मीडिया कर्मियों को इस पर कोई जबाब नहीं दिया और गठबंधन के सवालों से बचते नजर आये।
गठबंधन को लेकर सवाल पूछे जाने पर भूपेंद्र हुड्डा ने इस सवाल को दरकिनार कर केवल इतना कहा की कांग्रेस आ रही है, भाजपा जा रही है। चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए हुड्डा ने करण सिंह दलाल की जमकर तारीफ की और जनता से भी कांग्रेस की सरकार आने की बात कही। बता दें की करण सिंह दलाल भूपेंद्र हुड्डा के करीबी रिश्तेदार हैं और उन्होंने अपनी टिकट की घोषणा के बिना ही पलवल से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में आज सुबह अपना नामांकन दाखिल कर दिया,जिसके बाद शाम को भूपेंद्र सिंह हुड्डा पलवल पहुंचे और दलाल के चुनावी कार्यालय का विधिवत शुभारम्भ कर दिया. जिससे साफ़ जाहिर है की पलवल से कांग्रेस के प्रत्याशी करण सिंह दलाल ही होंगे।







