भिवानी, 05 अगस्त : हरियाणा से वरिष्ठ कांग्रेस नेता व सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा मांगे हिसाब पद यात्रा के दौरान भिवानी के बवानीखेड़ा में कहा कि हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के पास विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए अढ़ाई हजार के लगभग एप्लीकेशन आए है। जो यह जताता है कि कांग्रेस पार्टी के प्रति लोगों का अच्छा रूझान है। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस ऐसे 90 उम्मीदवारों को टिकट देंगी, जो पार्टी पार्टी प्रक्रिया के तहत सर्वे में श्रेष्ठ होंगे तथा जिनका पार्टी से जुड़ाव के साथ ही जिताऊ उम्मीदवार का रूतबा होगा।
इस मौके पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने वर्तमान भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा प्रदेश को खेलो इंडिया का नाममात्र का बजट मिल रहा है, जबकि हरियाणा के ओलंपिक में 50 प्रतिशत मेडल है तथा 25 प्रतिशत खिलाड़ी हरियाणा से है। जबकि गुजरात व उत्तर प्रदेश इन दो राज्यों को 40 प्रतिशत बजट मिल रहा है। इनके मात्र 3 खिलाड़ी ओलंपिक में हिस्सा ले रहे है। ऐसे में हरियाणा सरकार का खेलों की बजट पर उन्होंने ध्यान दिलाया। इस मौके पर भिवानी के बवानीखेड़ा में हरियाणा मांगे हिसाब पद यात्रा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। यह दीपेंद्र हुड्डा की यात्रा का 16वां विधानसभा क्षेत्र रहा। इस मौके पर उनके साथ हिसार से सांसद जयप्रकाश जेपी सहित विभिन्न पूर्व विधायक उपस्थित रहे।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार हरियाणा में पक्की नौकरियों को कच्चे में बदल रही है। अग्निपथ योजना व कौशल रोजगार निगम ने हरियाणा के हजारों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने प्रदेश में रिकार्ड बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारत सरकार ने देश की संसद में बताया है कि देश के 28 प्रदेशों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी हरियाणा में है। बीजेपी सरकार ने हरियाणा को कौशल निगम के जरिये बिना रिजर्वेशन, बिना पेंशन, बिना मेरिट वाली कच्ची नौकरी की राजधानी बना दिया। 10 साल में बीजेपी सरकार ने प्रदेश में सरकारी नौकरी समाप्त कर दी। 2 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं। अग्निपथ योजना लागू होने से पहले हर साल सेना में हरियाणा से 5500 की पक्की भर्ती होती थी, अब वो घटकर 900 रह गयी, जिसमें से 4 साल बाद 225 ही पक्के होंगे।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही छह: हजार रूपये बुढ़ापा पेंशन दी जाएगी तथा युवाओं को स्थायी रोजगार दिए जाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार विपक्षी दलों को निशाने पर लेकर निरंतर ईडी जैसी जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है। हरियाणा के तीन कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। यहां तक कि राहुल गांधी पर भी छापेमारी किए जाने की तैयारियों की बात सामने आ रही है। यह लोकतांत्रिक प्रणाली मेंं विपक्ष को दबाने का अलोकतांत्रिक कार्य है।
सांसद ने कहा कि बीजेपी सरकार ने लोगों को आईडी व पोर्टलों में उलझा दिया। फैमिली आईडी, प्रापर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र लोगों के लिये परेशान पत्र बन चुका है। हर आदमी को लाईनों में खड़ा करके कागजों में उलझा दिया गया। एससी, पिछड़ा वर्ग, गरीब वर्ग के लिये कांग्रेस सरकार के समय चलाई जा रही सारी योजनाएं बंद कर दी। 100 गज के प्लाट, पानी की टंकी, पानी के मुफ्त कनेक्शन समाप्त कर पानी के बिल पकड़ा दिये। स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले वजीफे समाप्त कर दिये। एससी, बीसी समाज को मिलने वाले आरक्षण के संवैधानिक हक को समाप्त कर दिया। बाबा साहब के संविधान को कमजोर कर दिया। सांसद दीपेन्द्र ने कहा कि सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष को निशाने पर लिया जा रहा है। लेकिन 2 महीने बाद हरियाणा की जनता भाजपा को अपने निशाने पर लेगी और सत्ता से बाहर करेगी।







