Home Haryana गुड़गांव पहुंची वंदे भारत ट्रेन, इस आलीशान तरीके से किया स्वागत

गुड़गांव पहुंची वंदे भारत ट्रेन, इस आलीशान तरीके से किया स्वागत

185
0

हरियाणा : प्रधानमंत्री ने बुधवार को भारत में बनी पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत की शुरूआत जयपुर से की। इसे सुबह करीब 11 बजे जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। शाम करीब चार बजे जब वंदे भारत ट्रेन गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो लोको पायलट का विधायक ही नहीं बल्कि आम जनता ने भी फूल देकर स्वागत किया। यहां करीब दो मिनट तक वंदे भारत का ठहराव रहा। इस दौरान लोगों ने सेमी हाई स्पीड ट्रेन के साथ सेल्फी खींची। कई लोगों ने तो अपने परिचितों को वीडियो कॉल करके इस सेमी हाई स्पीड को दिखाया। वहीं, वंदे भारत में सफर करके गुड़गांव आए लोगों में भी खुशी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि उन्हें बेहद गर्व महसूस हो रहा है कि भारत में भी इस तरह की सेमी हाई स्पीड ट्रेन चल रही है जिसमें अत्याधुनिक सुविधाएं लोगों को मिल रही हैं।

बता दें कि वंदे भारत के गुड़गांव स्टेशन पर पहुंचने पर स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गुड़गांव विधायक सुधीर सिंगला, निवर्तमान मेयर मधु आजाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सुमन दहिया समेत , रेलवे सहलाकार योगिता धीर ,पार्षद मंगतराम बागड़ी, योगेंद्र सारवान समेत कई भाजपा नेता भी मौजूद रहे जिन्होंने ट्रेन के लोको पायलट व गुड़गांव स्टेशन पर उतरे यात्रियों का स्वागत किया। वंदे भारत ट्रेन में रेवाड़ी से गुड़गांव आए छात्रों का कहना है कि इस ट्रेन का अनुभव उनके लिए अतुलनीय है। ऐसा लग ही नहीं रहा था कि वह किसी ट्रेन में बैठे हैं। उन्हें ट्रेन में फ्लाइट जैसी फीलिंग आ रही थी।

इस अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रेलवे प्लेटफार्म पर यात्रियों को नियंत्रित कर पीछे करने में आरपीएफ व जीआरपी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आरपीएफ प्रभारी नितिन मेहरा की मानें तो उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती यात्रियों को पीछे रखना रहा ताकि कोई हादसा न हो। पहली बार गुड़गांव स्टेशन पर इस ट्रेन के आने के कारण लोगों में सेल्फी लेने व वीडियो बनाने की होड़ लगी हुई थी जिसे नियंत्रित करना काफी कड़ी चुनौती रही। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वीरवार 13 अप्रैल से इस ट्रेन में हर कोई सफर कर सकता है। ट्रेन का शेड्यूल और किराया सूची जारी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेन अजमेर से सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर चलेगी जो गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर और नई दिल्ली स्टेशन पर सुबह सवा 12 बजे पहुंचेगी। वहीं, नई दिल्ली से अजमेर के लिए यह ट्रेन शाम 6 बजकर 10 मिनट पर चलेगी जो गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर शाम 6 बजकर 53 मिनट पर पहुंचेगी और अजमेर रात सवा 12 बजे पहुंचेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here