Home Haryana अंबाला रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस का नशे के खिलाफ सर्च अभियान

अंबाला रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस का नशे के खिलाफ सर्च अभियान

9
0

अंबाला, (अंकुर कपूर)। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के आसपास नशे की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना पड़ाव पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाया। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे बने टैक्सी और ऑटो स्टैंड के साथ-साथ आसपास की खाने-पीने की दुकानों की जांच की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने दुकानदारों और टैक्सी चालकों को नशा करने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की हिदायत दी।

पुलिस के अनुसार, उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया यह अभियान अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र में केंद्रित रहा। रेलवे स्टेशन एक प्रमुख जंक्शन है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। यात्रियों की अधिक आवाजाही के चलते इस इलाके में पुलिस की ओर से विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान टीम ने फ्लाईओवर के नीचे स्थित टैक्सी स्टैंड, ऑटो स्टैंड और खानपान की दुकानों को बारीकी से चेक किया।

पुलिस ने दुकानदारों को समझाया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति उनकी दुकान पर आकर बैठता है या नशे से जुड़ी गतिविधि में संलिप्त दिखाई देता है तो उसे नजरअंदाज न करें। ऐसे व्यक्ति को लेकर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि उसकी जांच की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वह नशा कहां से और किससे प्राप्त कर रहा है। टैक्सी और ऑटो चालकों को भी इस संबंध में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

थाना पड़ाव के एसएचओ प्रवीण आर्य ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या नशे से जुड़ी आपत्तिजनक गतिविधि सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि नशे की गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को सुरक्षित रखा जा सके। पुलिस ने आम लोगों और दुकानदारों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here