यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में रिचपाल हत्याकांड और मुसिंबल में सरपंच के घर फायरिंग की वारदात में फरार चल रहे मुख्य शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर शाम सीआईए-टू की टीम ने पाबनी स्थित श्मशान घाट के पास आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी की टांग में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के गांव जैनगर निवासी 28 वर्षीय परमिंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह दोनों वारदातों के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस के अनुसार, शाम सीआईए-टू की टीम को सूचना मिली थी कि रिचपाल हत्याकांड का मुख्य शूटर परमिंद्र सिंह पाबनी के श्मशान घाट के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें परमिंद्र सिंह की टांग में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
दरअसल, 18 सितंबर 2026 की रात खारवन चौक स्थित एक क्रेन सर्विस कार्यालय में रिचपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने कार्यालय में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में गांव मंधार निवासी 50 वर्षीय रिचपाल की मौत हो गई थी, जबकि उनके भानजे कमलजीत निवासी मुसिंबल की जांघ में गोली लगी थी। कमलजीत का दोस्त गुरलीन इस हमले में बाल-बाल बच गया था।
कमलजीत ने पुलिस को बताया था कि वह झारखंड में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है। वर्ष 2022 में उसका और उसके साथियों का गांव के अरविंद सिंह के साथ विवाद हुआ था। इस मामले में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज था और वह अदालत में पेशी के लिए आया हुआ था। पेशी के बाद वह अपने दोस्त गुरलीन के साथ मामा रिचपाल से मिलने पहुंचा था।
कमलजीत के मुताबिक, रिचपाल ने उसे दलजीत उर्फ बाबू, वीरेंद्र और अंबाला के गांव बोह बब्याल निवासी लवी लवाणा के साथ अपनी पुरानी रंजिश के बारे में बताया था। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे और हेलमेट पहने दो हमलावर वहां पहुंचे और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोली लगने से रिचपाल की मौत हो गई, जबकि कमलजीत घायल हो गया।
रिचपाल की हत्या के बाद हमलावरों ने मुसिंबल गांव में सरपंच सुखजोत कौर के घर को भी निशाना बनाया था। आरोपियों ने उनके घर के बाहर खड़ी कार पर गोलियां चलाई थीं। दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए थे। इन मामलों में परमिंद्र सिंह मुख्य शूटर के तौर पर वांछित था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस ने जांच की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर दोनों वारदातों में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाएगी।







