Home Haryana अंबाला की साइंस फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर लगी आग, एक घंटे...

अंबाला की साइंस फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर लगी आग, एक घंटे में पाया काबू

9
0
Screenshot

अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला छावनी की रामकृष्ण कॉलोनी स्थित साइंस का सामान बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रिहायशी क्षेत्र में स्थित आशा साइंटिफिक वर्क्स फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर आग लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, आग लगने के कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री की सबसे ऊपरी मंजिल से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कॉलोनीवासियों ने तुरंत फैक्ट्री मालिक विशाल भल्ला को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। फैक्ट्री मालिक विशाल भल्ला ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में विज्ञान से संबंधित उपकरण बनाए जाते हैं। वह रात को फैक्ट्री बंद करके घर चले गए थे। सुबह कॉलोनीवासियों का फोन आया कि फैक्ट्री में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया। उन्होंने बताया कि फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। नुकसान का आकलन करने के बाद ही इसकी जानकारी मिल सकेगी।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पा लिया। दमकल कर्मी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब सात बजे रामकृष्ण कॉलोनी की फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग को आसपास फैलने से रोकते हुए बुझा दिया। आग लगने के कारण और इससे हुए नुकसान की जानकारी फैक्ट्री मालिक ही दे पाएंगे।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही अंबाला छावनी थाना सदर के एसएचओ और हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने बताया कि आग फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर लगी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। जांच और नुकसान के आकलन के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here