Home Haryana गुरुग्राम में कार सवार युवक की गोली मारकर हत्या, ड्राइविंग सीट पर...

गुरुग्राम में कार सवार युवक की गोली मारकर हत्या, ड्राइविंग सीट पर मिला शव

16
0

गुरुग्राम। पटौदी क्षेत्र के गांव सिधरावली में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव के ही दीपक के रूप में हुई है। उसका शव गांव के बस अड्डे के पास फुट ओवरब्रिज के नजदीक खड़ी कार में ड्राइविंग सीट पर मिला। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपक कार में सीट बेल्ट लगाकर बैठा हुआ था। कार पर गोलियों के निशान मिले हैं, जबकि आसपास कई खाली कारतूस के खोल भी बरामद हुए हैं। घटनास्थल की स्थिति से आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने कार में बैठे दीपक पर कई गोलियां चलाईं। हालांकि, वारदात किस समय हुई और हमले में कितने लोग शामिल थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

बताया जा रहा है कि काफी देर से एक कार सड़क किनारे खड़ी थी। जब काफी समय तक कार वहां से नहीं हटी तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। उन्होंने पास जाकर देखा तो ड्राइविंग सीट पर युवक का शव पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक सूचनाओं में मृतक का आपराधिक गतिविधियों से संबंध होने की बात भी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या कोई अन्य वजह रही है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here