यमुनानगर। दिवाली की रात बस स्टैंड के पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की एक दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे में दुकान और गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय दुकान बंद थी और अंदर कोई मौजूद नहीं था।
प्रत्यक्षदर्शी मुकेश ने बताया कि रात करीब 11 बजे दुकान के ऊपर बने गोदाम से आग की लपटें दिखाई दीं। आग फैलती देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और दुकान मालिक को सूचना दी। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले दुकान की बिजली आपूर्ति बंद करवाई, ताकि करंट फैलने या किसी अन्य हादसे का खतरा न रहे। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान और गोदाम में रखा काफी सामान जल चुका था।
राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।




